हल्द्वानी। रायल्टी कम करने और भाड़ा बढ़ाने की मांग पर डंपर स्वामियों ने हल्द्वानी में जुलूस निकाला। एसडीएम कोर्ट में सभा कर उन्होंने सरकार और स्टोन क्रशरों को जमकर कोसा। डंपर स्वामियों ने भाड़ा 40 रुपये प्रति क्विंटल तय करने की मांग की। ऐसा न करने पर 30 दिसंबर को वाहन सरेंडर करने की चेतावनी भी दी।
मंगलवार को डंपर स्वामी मोटाहल्दू से ट्रैक्टर-ट्राली और वाहनों से जुलूस के रूप में हल्द्वानी एसडीएम कोर्ट पहुंचे। उन्होंने स्टोन क्रशरों पर गड्ढे खोदकर उपखनिज निकालने का भी आरोप लगाया। डंपर स्वामियों को कांग्रेस ने भी समर्थन दिया। सभा में वक्ताओं ने कहा कि सरकार पूरे प्रदेश में रायल्टी की दो दरें तय की हुई है। पट्टे और गड्ढे खोदने पर रायल्टी आठ रुपये ली जा रही है जबकि गौला नदी में रायल्टी की दर 32 रुपये की हुई है। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ही अवैध खनन करवा रही है। कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि खनन कार्य बंद होने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इसके बाद डंपर स्वामियों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा।
ये रहे मौजूद
पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, सुमित हृदयेश, ललित जोशी, हुकुम सिंह कुंवर, पम्मी सैफी, रमेश चंद्र जोशी, बीना जोशी, जीवन कब्डवाल, इंदर बिष्ट, मनोज मठपाल, संदीप पांडे, राजेंद्र सिंह खनवाल, अरशद, पृथ्वीराज पाठक, घनश्याम वर्मा, संध्या डालाकोटी, बहादूर सिंह जंगी, एनके कपिल, बालम बिष्ट आदि।
ये हैं मांगें
- 40 रुपये भाड़ा तय किया जाए।
- समतलीकरण के नाम पर गड्ढे से निकलने वाली रायल्टी स्टोन क्रशर के नाम से जारी नहीं की जाए।
- खनन सीजन का एक ही भाड़ा तय किया जाए।
- खनन समिति की बैठक में वाहन स्वामियों के प्रतिनिधि को भी शामिल किया जाए।
- रायल्टी की दर कम की जाए।
रैली निकाल किया प्रदर्शन, अविलंब पूरी हो मांग
लालकुआं। भाड़ा बढ़ाने और रॉयल्टी कम करने की मांग को लेकर लंबे समय से काम बंद हड़ताल कर रहे रेता बजरी से जुड़े सैकड़ों व्यवसायियों ने बुधवार को लालकुआं गौला निकासी गेट से ट्रैक्टरों, कारों और दोपहिया वाहनों में सवार होकर रैली के साथ प्रदर्शन किया। साथ ही अविलंब मांग पूरी करने की मांग की।
खनन व्यवसायियों की रैली लालकुआं में जुलूस के रूप में तब्दील हो गई। खनन व्यवसायियों ने स्टोन क्रशर एसोसिएशन और स्टोन क्रशरों के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल सैकड़ों खनन व्यवसायियों ने सरकार और जनप्रतिनिधियों पर मनमानी का आरोप लगाया। नगर में प्रदर्शन करने के बाद प्रदर्शनकारी हल्द्वानी रवाना हो गए। इस दौरान नगर में जाम लग गया। दर्जन भर ट्रैक्टर, 50 से अधिक कार और 100 से अधिक दोपहिया वाहनों में सवार खनन व्यवसायियों ने कहा कि अब आरपार की लड़ाई का वक्त आ गया है। क्योंकि स्टोन क्रशर संचालक जानबूझकर विलंब कर रहे है। ताकि मजदूर गौला नदी से अपने घरों को चले जाएं और खनन से जुड़े लोगों का व्यवसाय चौपट हो जाए।
जुलूस प्रदर्शन में लालकुआं गेट के अध्यक्ष जीवन कबडवाल, वीरेंद्र दानू, लवली गिल, शिब्बन सिंह बिष्ट, तारा नगरकोटी, पंकज दानू, चामूं राणा, मोहम्मद शादाब, अफरोज खान, नरेंद्र फरसवाण, देवकी नंदन पंत, खालिद बेग, कमलेश मेहरा, कवींद्र कोरंगा आदि थे।