नैनीताल। शुक्रवार देर शाम यहां शराब के नशे में धुत कुछ युवकों ने ठंडी सड़क पर हवाई फायरिंग कर दी। इससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस के घटनास्थल तक पहुंचने से पहले ही युवक वहां से फरार हो गए। बावजूद इसके पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर शाम कुछ युवक ठंडी सड़क किनारे पैराफिट पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान इन युवकों ने दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी। इससे राहगीरों और शाम की सैर को निकले लोगों में खलबली मच गई। लोगों ने इसकी सूचना मल्लीताल कोतवाली पुलिस को दी। इस पर उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट टीम के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही फायरिंग करने वाले नदारद हो गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कुछ सुराग नहीं मिला।