लालकुआं। इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिंह ने बृहस्पतिवार शाम लालकुआं रेलवे स्टेशन विस्तारीकरण कार्य योजना का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीट लाइन और स्टेशन विस्तार क्षेत्र के निर्माण कार्य संबंधी दस्तावेज और गुणवत्ता पर मातहतों को आवश्यक निर्देश दिए। कार्य में लेटलतीफ़ी बरतने वालों पर सख्त एक्शन लेने को कहा।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम वीणा सिंह ने कहा कि लालकुआं स्टेशन को क्षेत्र का महत्वपूर्ण जंक्शन मानते हुए रेलवे प्रशासन यहां के विस्तारीकरण और आधुनिकीकरण योजना पर तेजी से कार्य कर रहा है। इस योजना के तहत स्टेशन पर अतिरिक्त प्लेटफॉर्म, नया फुटओवर ब्रिज, एक्सीलरेटर मशीन, बेहतर लाइटिंग सिस्टम और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड लगाने की योजना है। उन्होंने बताया कि स्टेशन यार्ड के पुनर्गठन और सिग्नल सिस्टम के उन्नयन से न केवल ट्रेनों के संचालन में सुगमता आएगी बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि लालकुआं स्टेशन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे की ओर से इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इस दौरान सीनियर डीएमई ईएनएचएम शैलेश कुमार, स्टेशन अधीक्षक पीएस राणा आदि मौजूद थे।
फोटो : लालकुआं में स्टेशन विस्तारीकरण कार्य का निरीक्षण करती डीआरएम वीणा सिंह।