संवाद न्यूज एजेंसी
किच्छा। सरदार बल्लभ भाई पटेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वरिष्ठ डॉक्टर जीबी पंगरिया साइबर ठगी का शिकार होने से बाल-बाल बचे।
डाॅ. जीबी पंगरिया ने बताया कि उन्होंने चार दिन पहले एक खबर पढ़ी थी जिसमें ग्राम दोपहरिया निवासी एक व्यक्ति के साथ लाखों की ठगी हुई थी। उन्होंने बताया कि उस व्यक्ति की तरह उनके मोबाइल पर पर भी आरटीओ चालान के नाम से एक एपीके फाइल आई। पहले तो उन्होंने सोचा कि शायद उनकी कार का कहीं चालान कट गया होगा, वे उसे डाउनलोड करने ही वाले थे कि उन्हें अमर उजाला में छपी खबर याद आ गई। इसमें आरटीओ के नामसे भेजी एपीके फाइल को डाउनलोड करने से एक व्यक्ति का मोबाइल हैक हुआ था और फिर उसके खाते से लाखों रुपये गायब हो गए थे।
उन्होंने अमर उजाला का आभार जताते हुए जनता से अपील की कि किसी भी लिंक को डाउनलोड करने से पहले सोचें और विचारें, क्योंकि साइबर अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठग रहे हैं।