राज्यपाल डा. कृष्णकांत पाॅल का कहना है कि राजभवन के जीर्णोद्धार का कार्य मई अंत तक पूरा हो जाएगा। यह भवन हैरिटेज कल्चर में है। इसी के दायरे में रहकर काम कराने को अधिकारियों को कहा गया है। राजभवन के आसपास भू-कटाव रोकने के लिए उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों की राय ली जा रही है। उसके अनुसार ही सुरक्षा के उपाय किए जाएंगे।
प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कहा कि बुधवार को प्रदेश के सचिव स्तर के अधिकारियों की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस उपाय किए जाएं। उन्होंने कहा कि इसी महीने के मध्य तक वह अल्मोड़ा, मुनस्यारी और गैरसैंण का दौरा करेंगे।
राजभवन में पत्रकारों से बातचीत में डा. पाल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को लेकर अधिकारियों की बैठक में डीजीपी के सामने भी यह तथ्य लाया गया। अधिकारियों को सड़क किनारे पैराफिट बनाने, सेफ्टी गार्ड लगाने को कहा है। एटीआई में फर्जी एसडीएम महिला मामले को उन्होंने गंभीर बताते हुए उच्चस्तरीय जांच करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा देहरादून के एसएसपी पूरी गंभीरता से मामले में ध्यान दे रहे हैं।
उत्तराखंड में साक्षरता की स्थिति अच्छी है लेकिन इसे और मजबूत बनाने की जरूरत है। अधिकांश विश्वविद्यालयों में कुलपति नियुक्त किए गए हैं। मेडिकल विवि में भी जल्द कुलपति की नियुक्ति कर दी जाएगी। अवैध खनन पर प्रदेश में हो रहे खूनखराबे के सवाल को वह टाल गए और बोले प्रदेश सरकार ठीक काम कर रही है।
नैनीताल पहुंचने पर राज्यपाल का स्वागत
नैनीताल पहुंचने पर कैलाखान हैलीपैड में पालिकाध्यक्ष श्याम नारायण, डीआईजी पुष्कर सिंह सैलाल, डीएम दीपक रावत, एसएसपी सेंथिल अबूदई, एडीएम उदय सिंह राणा, संयुक्त मजिस्ट्रेट आशीष चौहान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। राजभवन में उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया। राजभवन पहुंचने पर मंडलायुक्त अवनेंद्र सिंह नयाल, अपर आयुक्त जगदीश कांडपाल, मुख्य अभियंता लोनिवि बीसी बिनवाल ने पुष्पगुच्छ देकर राज्यपाल का स्वागत किया। इससे पूर्व राज्यपाल ने राजभवन के जीर्णोद्धार में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की। बैठक में राज्यपाल के सचिव एके ढौंढियाल, लोनिवि के मुख्य अभियंता बीसी बिनवाल, अभियंता डीएस बरनाल, ईई संजय पांडे, डीएफओ तेजस्विनी अरविंद पाटिल आदि थे।