हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के जनरल सर्जरी विभाग और ईएनटी विभाग में पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) ने दोनों विभागों में पीजी पाठ्यक्रम में फिर से प्रवेश की अनुमति प्रदान कर दी है। पहले एनएमसी ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन को पत्र भेजकर जनरल सर्जरी विभाग और ईएनटी विभाग में कुछ कमी के चलते पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने पर रोक लगा दी थी।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने जनरल सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह और ईएनटी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. शहजाद अहमद को एनएमसी के समक्ष कॉलेज प्रशासन का पक्ष रखने के निर्देश दिए थे। इसके बाद दोनों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित आपत्तियों को एनएमसी के सामने रखा। दो फरवरी को एनएमसी ने जनरल सर्जरी विभाग में पीजी पाठ्यक्रम की नौ सीटों और ईएनटी विभाग में पीजी पाठ्यक्रम की दो सीटों पर पुन: प्रवेश की अनुमति दे दी है।
प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने कहा कि यह खुशी की बात है कि जनरल सर्जरी विभाग और ईएनटी विभाग में वर्ष 2021-2022 पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश की अनुमति मिल गई है। इससे राज्य को स्पेशलिस्ट चिकित्सक मिलेंगे। उत्तराखंड के उन मेडिकल छात्रों के लिए भी बहुत खुशी की बात है जो एमएस की तैयारी कर रहे हैं।