प्रदेश के राज्यपाल डॉ. केके पॉल शनिवार को नैनीताल पहुंच गए। यहां पहुंचने पर जिले के पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने उनकी की अगवानी की। राजभवन में अधिकारियों के साथ हुई बैठक में राज्यपाल ने कुमाऊं मंडल में हो रही बारिश और इससे अवरुद्ध हुई सड़कों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अवरुद्ध सड़कों को खुलवाने में किसी तरह की कोताही न बरतें क्योंकि सड़कें पर्वतीय क्षेत्र की लाइफ लाइन हैं।
शनिवार सुबह मौसम खराब होने के कारण राज्यपाल का हेलीकाप्टर हल्द्वानी स्थित आर्मी हैलीपैड में उतरा। जहां से वह कार द्वारा राजभवन पहुंचे। राजभवन पहुंचने पर मंडलायुक्त अवनेंद्र सिंह नयाल, पुलिस उपमहानिरीक्षक पुष्कर सिंह सैलाल, जिलाधिकारी दीपक रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वीटी अग्रवाल, कुमविनि के महाप्रबंधक टीएस मर्तोलिया, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता डीएस नबियाल व राजभवन स्टाफ द्वारा पुष्प गुच्छ देकर राज्यपाल का स्वागत किया गया।
गार्ड ऑफ आनर लेने के बाद राज्यपाल ने आयुक्त, उपमहानिरीक्षक पुलिस, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ वार्ता कर कुमाऊं मंडल में बारिश से अवरुद्ध सड़कों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सड़के पर्वतीय क्षेत्रों की जीवन रेखा हैं, ऐसे में आपदा के दौरान सड़के लंबे समय तक अवरुद्ध न रहें।
लिहाजा सभी अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर सड़कें खुलवाने का कार्य करें। राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह भूस्खलन से संभावित क्षेत्रों में जेसीबी व अन्य संसाधनों की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें। राज्यपाल के साथ उनके सचिव एके ढौंडियाल व परिसहाय मेजर अनुज राठौर भी सरोवर नगरी पहुंचे हुए हैं।