डीएम दीपक रावत ने कहा है कि किसी भी मोटर मार्ग में गड्ढे नहीं दिखने चाहिए। लोनिवि अधिकारियों को निर्देश दिए कि 10 दिन के भीतर सभी गड्ढे पाट दिए जाएं। इसके बाद यदि सड़कों पर गड्ढे दिखे तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
बीते दिनों भीमताल में हुई दुर्घटना को देखते हुए डीएम दीपक रावत ने शुक्रवार को एसडीएम, आरटीओ और लोनिवि अधिकारियों के साथ जिला कार्यालय सभागार में रोड सेफ्टी कमेटी की बैठक की। उन्होंने कहा कि गड्ढों के कारण ही अधिकांश दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने आरटीओ को निर्देश दिए कि संस्तुति के आधार पर ही सड़कों पर वाहन संचालन की अनुमति दी जाए। जिन पर चलने की अनुमति नहीं है, वहां वाहन नहीं ले जाने संबंधी बोर्ड लगाएं।
डीएम ने सड़क महकमे के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो सड़कें पूरी तरह तैयार हो चुकी हैं, उनकी सूची 15 दिन के भीतर आरटीओ को उपलब्ध कराएं। मुख्य मार्गों पर पड़ी भवन सामग्री और मलबा रखा होता है, जो दुर्घटना का सबब बनते हैं। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र की सड़कों से मलबा हटवाएं। सड़क पर निर्माण सामग्री रखने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं।
जल संस्थान के अधिकारियों से कहा कि सड़कों के किनारे लीकेज ठीक कराएं। बैठक में एसडीएम आरडी पालीवाल, एएसपी श्वेता चौबे, एआरटीओ गुरदेव सिंह, ईई लोनिवि भवाली एचएस रावत, एवी कांडपाल, पीएस बिष्ट, जेएन तिवारी आदि थे।