भीमताल (नैनीताल)। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि जिला विकास प्राधिकरण को लेकर कुछ लोग जनता में भ्रम फैला रहे हैं। इस बात को गलत तरीके प्रचारित किया जा रहा है कि पर्वतीय क्षेत्रों के लिए जिला विकास प्राधिकरण(डीडीए) को स्थगित किया गया है और मैदानी क्षेत्रों को छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि वह स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि जिला विकास प्राधिकरण को फिलहाल स्थगित किया गया है, भविष्य में जो भी उचित होगा उस पर निर्णय लिया जाएगा। लोगों की अफवाहों पर ध्यान नहीं देना है। भीमताल में हेलीपैड के निर्माण पर सीएम ने कहा कि डीएम को इस बारे में निर्देश दिए गए हैं।
यूपी के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी और विख्यात लोकगायिका मालिनी अवस्थी के बेटे अद्वितीय के शादी समारोह में नौकुचियाताल पहुंचे सीएम ने पत्रकारों से संक्षिप्त वार्ता में यह बात कही। कहा कि दो दिन पहले अल्मोड़ा में उन्होंने जिला विकास प्राधिकरण को स्थगित करने की घोषणा की थी। उनके संज्ञान में आया है कि कुछ लोग इस पर भ्रम फैला रहे हैं जो उचित नहीं है। भीमताल हेलीपैड निर्माण की घोषणा के सवाल पर सीएम ने कहा कि हेलीपैड निर्माण को लेकर डीएम को निर्देश दिए गए हैं। जमीन मिलते ही हैलीपेड का निर्माण कर दिया जाएगा।
मुख्य मंत्री ने वर-वधू को दिया आशीर्वाद
भीमताल (नैनीताल)। नौकुचियाताल के लेक रिजॉर्ट में यूपी अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी और विख्यात लोकगायिका मालिनी अवस्थी के बेटे अद्वितीय के वैवाहिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 40 मिनट बिताए। उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद दिया और अवस्थी परिवार को बधाई दी। इससे पहले उनका हेलिकॉप्टर जीडी गोयनका इंटरनेशनल स्कूल के परिसर में उतरा। कमिश्नर अरविंद हयांकी, डीएम सविन बंसल, एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी, विधायक राम सिंह कैड़ा, प्रकाश भट्ट मनोज, मनोज साह, प्रदीप पाठक, राजेश नेगी, महेंद्र वर्मा, अनिल चनौतिया, दिनेश सांगुड़ी, ब्लॉक प्रमुख आशा रानी आदि ने उनकी अगवानी की। शादी समारोह में उत्तर प्रदेश के आलाधिकारियों ने भी शिरकत की।
कैप्टन जयेंद्र मिश्रा की बेटी से हुई शादी
अद्वितीय अवस्थी की शादी कैप्टन जयेंद्र मिश्रा की बेटी गायत्री मिश्रा के साथ हुई है। कैप्टन जयेंद्र मिश्रा मूलरूप से लखनऊ निवासी हैं लेकिन वह 1997 से भीमताल के सांगुड़ीगांव में रह रहे हैं। गायत्री मिश्रा सुप्रीम कोर्ट में वकील हैं। रविवार की शाम सांगुड़ीगांव में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।