रामनगर। करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे हाईटेक बसपोर्ट के निर्माण कार्य में अव्यवस्थाओं के कारण बस चालकों और यात्रियों को परेशानी हो रही है। निर्माण कार्य क्रमबद्ध तरीके से नहीं हो रहा है। निर्माण के चलते रास्ते खराब हो गए हैं। इससे बसों की आवाजाही और पार्किंग में दिक्कतें आ रही हैं।
वर्ष 2021 में बसपोर्ट बनाने का कार्य शुरू हुआ था। इसे हाईटेक वर्कशॉप, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, पार्किंग और शौचालय जैसी सुविधाओं से लैस किया जाना है। बजट कटने से कार्य लंबे समय से लंबित था। सरकार ने इस वर्ष बसपोर्ट निर्माण के लिए लगभग पूरा भुगतान कर दिया है। अब अलग-अलग कार्यों को व्यवस्थित तरीके से पूरा नहीं किए जाने का असर यातायात व्यवस्था पर दिख रहा है। बसों को खड़ा करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल रही है।
समाजसेवी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि कार्यदायी संस्था के अधिकारियों की मौके पर नियमित मौजूदगी नहीं है। इससे काम की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। रोडवेज के एआरएम नवीन आर्या ने कहा कि कार्यदायी संस्था से क्रमबद्ध तरीके से कार्य करने की मांग की गई है। विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने संबंधित कार्यदायी संस्था को चरणबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जल्द ही बसपोर्ट का निरीक्षण कर बैठक करने की बात कही।