जनविरोध के बावजूद विकास खंड के अलचौना गांव में दोबारा खोले गए बार के खिलाफ शनिवार को क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीणों ने फिर से बार के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। बढ़ते जनविरोध को देखते हुए दोपहर बाद आबकारी विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बार में फिर से ताले जड़ दिए।
पिछले महीने शासन ने चांफी में बार खोलने की स्वीकृति दी थी, जिसका विरोध होने पर संयुक्त मजिस्ट्रेट आशीष चौहान ने बार को अस्थायी रूप से बंद करने के आदेश दिए थे। कई दिनों तक बार बंद रहा लेकिन शुक्रवार को उसे फिर से खोल दिया गया। इससे ग्रामीण भड़क गए। शनिवार सुबह क्षेत्र की दर्जनों महिलाएं एवं कई जनप्रतिनिधि बार के समक्ष धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे।
दोपहर बाद जनविरोध को देखते हुए तहसीलदार बीएस लटवाल, आबकारी निरीक्षक सुमन पाल, पटवारी राधे सिंह राणा आदि मौके पर पहुंचे। विरोध को देखते हुए आबकारी निरीक्षक सुमन पाल ने बार में ताला लगा दिया। तहसीलदार बीएस लटवाल ने बताया कि अग्रिम आदेशों तक बार में ताला लगा रहेगा।
धरना-प्रदर्शन और अधिकारियों से वार्ता करने वालों में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पुष्कर मेहरा, विधायक प्रतिनिधि दिनेश सांगुड़ी, महिला कांग्रेस अध्यक्षा भावना नौलिया, भाजपा नेत्री भावना मेहरा, ग्राम प्रधान भावना वर्मा, लोकेश वर्मा, हेमा मेहरा, सुरेंद्र परिहार, पुष्पा देवी, धीरू जोशी आदि थे।