हल्द्वानी। धनतेरस और दिवाली के लिए बाजार सज गए हैं। मीराबाजार, कारखाना बाजार, सदर बाजार, पटेलचौक बाजार में दुकानों के बाहर पटरी पर भी खील-खिलौने, बताशे, दीये समेत विभिन्न वस्तुओं की दुकानें सजी हैं। बाजार में ग्राहकों की भीड़ देख दुकानदारों के चेहरे भी खिले हैं।
दुकानदारों को कोरोना महामारी का डर सताए हुआ था कि इस बार दीपावली पर ग्राहक आएंगे या नहीं लेकिन उनकी शंकाएं निरर्थक साबित होने से वे खुश हैं। कोई आर्टिफिशियल झालरें खरीदने में लगा था तो कोई एलईडी झालरें खरीदता दिखाई दिया। रेडीमेड दुकानदारों ने भी ग्राहकों को लुुुुभाने के लिए छूट के बोर्ड लगाए हैं। दीपावली पर्व पर भगवान लक्ष्मी गणेश का पूजन करने के लिए मूर्तियों की दुकानें भी बाजार में बड़ी संख्या में लगी हैं लोग अपने बजट के अनुसार मूर्तियां खरीद रहे हैं।
बर्तन बाजार में एक दिन में 50 लाख से अधिक का कारोबार
अत्याधुनिक बर्तनों की ज्यादा डिमांड, कांसे का डिनर सेट 16000 का
हल्द्वानी। बृहस्पतिवार को धनतेरस नहीं थी, इसके बावजूद बर्तन बाजार में खरीदारों की भीड़ लगी थी। दुकानदारों ने सुबह से दुकानें सजा दीं थीं। दोपहर के बाद ग्राहकों की भीड़ उमड़ गई। यहां बर्तनों की करीब 19 दुकानें लगी हैं। व्यापारियों की मानें तो बृहस्पतिवार को 50 लाख से अधिक का कारोबार हुआ है। अमर बर्तन भंडार के संचालक राजीव अग्रवाल बताते हैं कि इस बार अत्याधुनिक बर्तनों की डिमांड ज्यादा है। ग्राहकों की डिमांड को देखते हुए इस बार स्पेशल तांबे के बर्तन मंगाए गए हैं। कांसे का डिनर सेट 16000 रुपये में और हांडी सेट 300 से 900 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं। अग्रवाल ने बताया कि डबल और सिंगल लेयर वाले चाय के कप की भी खूब डिमांड है। 24 घंटे तक गर्म या ठंडा पानी बना रहने वाले थर्मसों की खूब बिक्री हो रही है। पूजन के लिए कुबेर भगवान की मूर्ति 50 रुपये से लेकर 400 रुपये तक की बिक रही है।
खील-खिलौने बेचने सौंरो और आगरा से आए हैं लोग
बाजार में चीनी के खिलौने और खील बेचने के लिए दुकानदार सौंरो और आगरा से यहां आए हैं। खील और खिलौने 60 रुपये किलो बेचे जा रहे हैं।
मिट्टी के दीये 10 रुपये के 12
मोमबत्ती का पैकेट 10 रुपये से लेकर 100 रुपये तक
आर्टिफिशियल झालर 20 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक
सोने का सिक्का 53,500 रुपये में
दीपावली पूजन के लिए सराफा दुकानदारों ने भी तैयारी की है। गुरुवार को भी लोग सोने-चांदी की खरीदारी करते दिखे।
सुरेश ज्वैलर्स के संचालक अंकित अग्रवाल बताते हैं कि होलमार्क वाला सोने का सिक्का 53,500 रुपये में चांदी का 10 ग्राम वाला सिक्का 750 रुपये में बिक रहा है। इस बार सोने-चांदी के भाव तेज होने के कारण इनके दाम भी पहले के मुकाबले अधिक हैं। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी गणेश 15 ग्राम के 1200 रुपये में उपलब्ध हैं।
पटाखे की 33 दुकानें लगीं, ग्रीन पटाखा नहीं आया
हल्द्वानी। रामलीला मैदान में गुरुवार को पटाखों की 33 दुकानें सज गई हैं। इनकी संख्या शुक्रवार को 40 तक हो पहुंच जाएगी। दुकानदारों से ग्रीन पटाखों के बारे में पूछा तो उनका कहना था कि ग्रीन पटाखे कौन से होते हैं हमें अभी तक इसकी जानकारी नहीं है। इधर, दुकानें लगने के बाद पटाखों की खरीदारी भी होती दिखाई दी।