हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल के दंत रोग विभाग की ओपीडी नए भवन में शुरू की गई। सोमवार को पहले ही दिन डॉक्टर और जरूरी उपकरण न मिलने से मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा।
शिकायतकर्ता आलोक शर्मा ने कहा कि कई दिन दांत दर्द से पीड़ित हैं। वह पिछले तीन दिन से अस्पताल आ रहे हैं। आज भी नए भवन पहुंचे तो वहां कोई डॉक्टर नहीं मिला। इस पर उन्हें वापस लौटना पड़ा। एमएस डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि दंत ओपीडी को नए भवन में शिफ्ट किया गया है। शिफ्टिंग के कारण प्रक्रिया ठीक से शुरू नहीं हो पाई। कुछ उपकरण भी नहीं चल पाए। ओपीडी तो हुई थी लेकिन व्यवस्था सामान्य होने में अभी दो-तीन दिन और लगेंगे।
ओपीडी नियमित चल रही है। नए भवन में अभी काम चल रहा है। उपकरण आदि ठीक से नहीं लगे हैं। व्यवस्था सामान्य होने में अभी कुछ दिन और लगेंगे। मरीजों को अगर विभाग के किसी डॉक्टर या कर्मी से कोई शिकायत है तो वह मुझे और प्राचार्य को बताएं। - डॉ. भारत भूषण अवस्थी, विभागाध्यक्ष, दंत रोग
तीन विभाग नए भवन में शिफ्ट
हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में मरीजों की बढ़ती भीड़ को कम करने की दिशा में मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अस्पताल के तीन विभाग अब 90 बेड के नए भवन में संचालित हो रहे हैं। सोमवार से दंत रोग विभाग की ओपीडी भी नए भवन में शुरू हो गई है। इससे पहले एआरटी सेंटर और मनोरोग विभाग यहां शिफ्ट किए जा चुके हैं।एमएस डॉ. अरुण जोशी जोशी ने बताया जल्द ही त्वचा एवं चर्म रोग विभाग को भी इसी भवन में स्थानांतरित किया जाएगा।