हल्द्वानी। उत्तराखंड देवभूमि ट्रक ओनर्स महासंघ ने ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़ी समस्याओं के समाधान और लंबित चालानों के निस्तारण के लिए वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना लागू करने की मांग की है। महासंघ के प्रवक्ता एवं देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के कुमाऊं मंडल प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा ने तीन अक्तूबर को नानकमत्ता दौरे के दौरान परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा को ज्ञापन सौंपा।
महासंघ ने ज्ञापन में कहा कि हल्द्वानी बाईपास, गौलापार, काठगोदाम और रानीबाग से नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग तक लगने वाले जाम से पर्वतीय क्षेत्रों का ट्रांसपोर्ट कारोबार प्रभावित हो रहा है। ट्रकों के घंटों जाम में फंसे रहने से माल की आपूर्ति भी प्रभावित होती है। महासंघ ने प्रदेश में लंबित हजारों चालानों के निस्तारण के लिए ओटीएस योजना लागू करने, यूपी की तर्ज पर वाहन कर और अर्थदंड में छूट देने की मांग की।