गरमपानी (नैनीताल)। श्री कैंची धाम तहसील में शुक्रवार को बेतालघाट ब्लॉक के ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष जेडी कत्यूरा के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों ने तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर सदस्य ग्राम पंचायत का चुनाव कराने की मांग की।
जेडी कत्यूरा ने कहा कि ग्राम पंचायतों के चुनाव को 45 दिन बीतने के बाद भी 23 ग्राम प्रधान ही शपथ ले पाए हैं। 52 ग्राम प्रधान अभी तक सदस्य ग्राम पंचायत का गठन नहीं हो पाने के चलते शपथ नहीं ले पाए हैं। इससे ग्राम पंचायतों में खुली बैठक नहीं होने के चलते वृद्धावस्था पेंशन, चरित्र प्रमाण पत्र, मनरेगा के कार्य, वित्त के कार्य समेत कई आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने खुली बैठक का रोस्टर तक जारी कर दिया गया है। संगठन ने सीएम से वार्ड सदस्यों के निर्वाचन का कार्यक्रम जल्द जारी कर ग्राम पंचायतों की सरकार का गठन करने की मांग की है। इस दौरान त्रिभुवन पाठक, बालम सिंह पिनारी, भाष्कर चंद्र, खीम सिंह, हरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद