लालकुआं। उपजिलाधिकारी हल्द्वानी ने विभागीय अधिकारियों के साथ मंंगलवार को मानसून सत्र के दौरान आपदा की संभावनाओं को देखते हुए दूरस्थ श्रीलंका टापू का निरीक्षण किया। यहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा मानसून को देखते हुए तीन माह का राशन मौके पर ही बांटा गया। इसके अलावा दवाओं का कोटा भी स्वास्थ्य विभाग ने यहां उपलब्ध कराया।
बता दें कि बरसात के दौरान गौला के उफान में आने के बाद श्रीलंका टापू का संपर्क शेष दुनिया से पूरी तरह कट जाता है। इसी लिहाज से मानसून में यह क्षेत्र काफी संवेदनशील है। इसी बात को देखते हुए उपजिलाधिकारी (न्यायिक) हल्द्वानी रेखा कोहली मंगलवार को यहां तमाम विभागीय अधिकारियों के साथ पहुंचीं। उनके निर्देश पर खाद्य पूर्ति निरीक्षक ने श्रीलंका टापू के निवासियों को अगस्त माह तक का राशन वितरित किया। स्वास्थ्य विभाग ने तीन माह की जीवन रक्षक औषधियां आवश्यक मात्रा में उपलब्ध कराई हैं। इधर क्षेत्रवासियों ने श्रीलंका टापू में यथाशीघ्र विद्युत आपूर्ति कराए जाने, गौला नदी से हो रहे भूकटाव को रोकने के लिए तटबंध बनाने, टापू से ढौराडाम तक क्षतिग्रस्त मार्ग को ठीक करने की मांग की। उपजिलाधिकारी ने वन क्षेत्राधिकारी गौला को निर्माण कार्यों का एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य शिविर भी लगा
मंगलवार को यहां स्वास्थ्य विभाग ने शिविर भी लगाया। चिकित्साधिकारी डॉ. लव पांडे के मुताबिक 57 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया। दूसरी ओर बीमार पशुओं की भी जांच की गई। पशु चिकित्साधिकारी हिमांशु धर्मशक्तू ने बताया कि 72 पशु पालकों को दवा वितरित की गई। इस मौके पर एसडीएम समेत तमाम अधिकारियों ने काली माता मंदिर में पूजा अर्चना कर भंडारे में प्रसाद ग्रहण भी किया।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी थे मौजूद
लालकुआं। डॉ. ऋचा शुक्ला, डॉ. किशना गुप्ता, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हिमांशु धर्मशक्तू, वन क्षेत्राधिकारी गौला चंदन सिंह अधिकारी, बाल विकास विभाग से मनीषा आर्या, अपर सहायक अभियंता लोनिवि राजेश जोशी, अपर सहायक अभियंता सिंचाई अविनाश दानू, कनिष्ठ अभियंता जल संस्थान राहुल चौहान, क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत, रजिस्ट्रार कानूनगो मोहित बोरा, राजस्व निरीक्षक मनोज कुमार, पशुधन प्रसार अधिकारी राजेश यादव, उप राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र चंद्र, लक्ष्मी नारायण यादव के अलावा भाजपा बिंदुखत्ता मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला समेत अनेकों ग्रामीण उपस्थित रहे।