नैनीताल। दिल्ली से नैनीताल घूमने आए एक सैलानी की बृहस्पतिवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। शुक्रवार को परिजन शव लेकर दिल्ली चले गए।
पुलिस के अनुसार दिल्ली के कुछ सैलानी अपने परिवारों के साथ कार्बेट पार्क घूमने आए थे। बृहस्पतिवार को वे कार्बेट पार्क से नैनीताल पहुंचे और यहां माल रोड स्थित एक होटल में रुके हुए थे। देर रात करीब नौै बजे सैलानियों के दल में शामिल इरफान (60) ने सीने में दर्द की शिकायत की। इस पर होटल कर्मियों की मदद से परिजन उन्हें इलाज के लिए बीडी पांडे अस्पताल ले गए, जहां ड्यूटी में तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. शीतांशु शर्मा ने इरफान को मृत घोषित कर दिया। डॉ. शर्मा के अनुसार मृत्यु का कारण हृदयाघात हो सकता है। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।