नैनीताल। हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलुवाखान के पास सोमवार को कमलठ से बरामद महिला के सड़ेगले शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने पाइंस स्थित घाट में महिला का अंतिम संस्कार किया। वहीं, दिल्ली पुलिस देर शाम हत्यारोपी पति को अपने साथ लेकर रवाना हो गई।
नई दिल्ली द्वारिका निवासी एक व्यक्ति ने 15 जून को डाबरी थाने में 26 वर्षीय विवाहित बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। दिल्ली पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर विवाहिता की तलाश कर उसके मोबाइल की लोकेशन जांची तो वह नैनीताल के पास बेलुवाखान के आसपास की निकली। बाद में दिल्ली पुलिस ने महिला के पति से पूछताछ की। पहले तो आरोपी पति टालमटोल करता रहा, लेकिन बाद में उसने कबूल लिया कि उसने पत्नी की हत्या कर शव को नैनीताल में एक कलमठ के नीचे छिपाया है। सोमवार को दिल्ली पुलिस पति को लेकर नैनीताल पहुंची और उसकी निशानदेही पर रिया गांव के समीप एक कमलठ से महिला का सड़ागला शव बरामद किया। मंगलवार को नैनीताल में पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों के सुपुर्द किया गया। तल्लीताल के थानाध्यक्ष विजय मेहता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले ही दिल्ली के डाबरी थाने में महिला के अपहरण का मुकदमा दर्ज है। बताया कि दिल्ली पुलिस आरोपी पति को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गई है।