जिला क्रीड़ा संघ और जिमखाना क्लब के सहयोग से आयोजित 93वीं अखिल भारतीय ऑटम जिमखाना क्रिकेट कप प्रतियोगिता में रविवार को पहला क्वार्टर फाइनल मैच खेला गया। प्रतियोगिता मेंअनिसा इंपेक्स दिल्ली को हराकर किशनगंज जिमखाना दिल्ली सेमीफाइनल में पहुंचा। मैन ऑफ द मैच रहे किशनगंज के प्रमोद चंदेला को नैनीताल के वरिष्ठ खिलाड़ी देवेंद्र लाल साह, मनोज साह ने 1500 रुपए, ट्रॉफी सौंपी।
डीएसए मैदान में खेले गए मैच में अनीसा इंपेक्स दिल्ली के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी कर 30 ओवर में 9 विकेट पर 221 रन बनाए। इसमें योगेश नागर ने 56 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 66 रन बनाए। किशनगंज जिमखाना दिल्ली से अमरिंदर ने तीन, सुनील डागर ने 2 विकेट लिए। जवाब में किशनगंज जिमखाना के खिलाड़ियों ने बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत 27वें ओवर में चार विकेट पर मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। प्रमोद चंदेला ने 11 चौके, 6 छक्कों की मदद से 71 गेंदों में शानदार 115 रन बनाए। राहुल डागर ने नाबाद 80 रन बनाए। अनीसा इंप्रेक्स से योगेश नागर ने दो विकेट लिए। निर्णायक विनीत पाठक, योगेश कुमार, स्कोरर विनय बहुगुणा रहे जबकि वरिष्ठ उद्घोषक हेमंत बिष्ट, उमेश कांडपाल सोनी, भाष्कर साह, मनोज कुमार ने आंखों देखा हाल सुनाया। आयोजक सचिव एससी साह जगाती के मुताबिक 28 दिसंबर को सुबह नौै बजे से दूसरा क्वार्टर फाइनल एबी क्लब दिल्ली बनाम मलिक स्पोर्ट्स दिल्ली के बीच खेला जाएगा