नैनीताल। सोमवार सुबह बारिश के बाद नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर ताकुला क्षेत्र में पहाड़ी से मलबा आ गया। इससे सड़क का एक हिस्सा बंद हो गया। वहीं हनुमानगढ़ी क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने से वाहन चालकों और बाइक सवारों के लिए खतरा बना रहा।
बारिश के दौरान ताकुला में अचानक सड़क पर मलबा आने से मार्ग का करीब आधा हिस्सा बाधित हो गया। गनीमत रही कि वाहनों की आवाजाही दूसरे हिस्से से होती रही। इसी दौरान हनुमानगढ़ी क्षेत्र में भी पहाड़ी से पत्थर गिरकर सड़क पर आ गए। सड़क पर पड़े पत्थरों के कारण दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटना की आशंका बनी रही।
एनएचएआई के सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल ने बताया कि बारिश के कारण सड़क पर गिरे मलबे और पत्थरों को हटाने का कार्य कराया जा रहा है।