प्रवक्ता पूरन चंद्र जोशी। (फाइल फोटो)
- फोटो : BAGESHWAR
कांडा (बागेश्वर)। अटल आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज सानीउडियार में तैनात राजनीति शास्त्र के प्रवक्ता पूरन चंद्र जोशी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह अपने कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र के परीक्षा प्रभारी थे। उन्हें अटैक तब पड़ा जब वह सुबह स्कूल के पास पहुंच गए थे। ज्यूला रौतेला (देवलबिछराल) निवासी 57 वर्षीय पूरन चंद्र जोशी सोमवार सुबह साढ़े सात बजे घर से तीन किमी दूर स्थित स्कूल को पैदल आ रहे थे। स्कूल से दो सौ मीटर पहले उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई। जीआईसी सानीउडियार के प्रधानाचार्य और परीक्षा केंद्र प्रभारी राजेंद्र प्रसाद बिष्ट ने बताया कि पूरन चंद्र जोशी ने उन्हें फोन कर सीने में दर्द और पेट में गैस की समस्या बताई थी। इस पर सानीउडियार स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर अरुण चंद तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने चेकअप के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉ. चंद ने बताया कि उनके मौके पर पहुंचने से पहले ही शिक्षक की मौत हो गई थी।
विद्यालय में सोमवार को हाईस्कूल गृह विज्ञान की परीक्षा थी। गमगीन माहौल में परीक्षा संपन्न कराई गई। जोशी अपने पीछे पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं। बेटा दिल्ली की किसी कंपनी में इंजीनियर है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।
कर्मठ शिक्षकों में होती थी गिनती
कांडा। प्रवक्ता पूरन चंद्र जोशी की गिनती कर्मठ शिक्षकों में होती थी। प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद बिष्ट ने बताया कि वह वर्ष 1991 से विद्यालय में राजनीति शास्त्र के प्रवक्ता के पद पर तैनात थे। बीच मेें एक ऐसा भी दौर आया कि विद्यालय में लिपिक तैनात नहीं थे। पूरन चंद्र जोशी लिपिकीय कार्य भी बड़ी सहजता के साथ कर देते थे। कोविड काल में लिपिकों की कोविड ड्यूटी लगी थी, तब भी उन्होंने ने ही विद्यालय में लिपिकीय कार्य संपन्न किया।
नए परीक्षा प्रभारी की होगी तैनाती
कांडा। अटल आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज सानीउडियार में नए परीक्षा प्रभारी की तैनाती की जाएगी। केंद्र प्रभारी/प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद बिष्ट ने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों से विचार-विमर्श किया जा रहा है।