हल्द्वानी के तिकोनिया में लकड़ी से तंदूर जलाकर खाना पकाते फूड वेंडर्स।
- फोटो : संवाद
हल्द्वानी में रसोई गैस की किल्लत बरकरार है। लोगों को न घरेलू गैस सिलिंडर मिल रहा है आैर ना ही व्यावसायिक। रविवार को अवकाश के बावजूद लोग सिलिंडर के लिए जूझते रहे। हल्द्वानी में इंडेन की एजेंसी और गोदाम बंद रहे जबकि भारत और एचपी की ओर से गैस की डिलीवरी की गई। व्यावसायिक सिलिंडर नहीं मिलने से नैनीताल रोड समेत कई क्षेत्रों में फूड वेंडर्स का काम बंद हो गया है। जो कर भी रहे हैं उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को जिले को करीब 7900 घरेलू और 228 व्यावसायिक गैस सिलिंडर प्राप्त हुए। इनमें से लगभग सभी का वितरण कर दिया गया। जिले में हजारों की संख्या में होटल और रेस्टोरेंट हैं। ऐसे में महज 228 सिलिंडर की आपूर्ति ऊंट के मुंह में जीरे के समान है।
टीपीनगर में एलपीजी गैस की किल्लत होने के कारण चाय-ठेला कारोबारियों ने भोजन और चाय के दाम बढ़ा दिए हैं। एक कारोबारी ने बकायदा दुकान के आगे नोटिस बोर्ड चिपका दिया है जिसमें लिखा है तेल की लड़ाई में खाने के रेट बढ़ाये जा रहे हैं, कृपया सहयोग करें। यहां 30 रुपये में मिलने वाला हाफ प्लेट चावल 50 रुपये पहुंच गया है। तीस रुपये में क्वार्टर प्लेट चावल दिया जा रहा है। यहां कटिंग चाय आठ रुपये और फुल 15 रुपये में मिल रही है। ट्रांसपोर्टर हरजीत सिंह चड्ढा ने बताया कि टीपी नगर में व्यावसायिक सिलिंडर नहीं मिलने से गैस वैल्डिंग का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि कारोबार प्रभावित होने से रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। यहां कई दुकानों में डीजल के स्टोव से खाना बनाया जा रहा है और रेट भी बढ़ा दिए गए हैं।