हल्द्वानी। पंचायत चुनाव में आचार संहिता की धज्जियां उड़ रही है। लामाचौड़ से लेकर गौलापार और लालकुआं तक बिजली के पोलों को बैनर-पोस्टरों से पाट दिया गया है। निर्वाचन आयोग की अनदेखी से इसे बढ़ावा मिल रहा है। यूपीसीएल ने प्रचार सामग्री हटवाकर दावेदारों के मतदाताओं के दिलो-दिमाग में छाए रहने की उम्मीदों को झटका दिया है।
यूपीसीएल की टीमों ने बृहस्पतिवार को हरिपुर जमन सिंह रामपुर रोड, फूलचौड़, हल्दूपोखरा, आरटीओ रोड, बच्चीनगर, लामाचौड़, कटघरिया आदि क्षेत्रों में बिजली पोलों और खंभों पर लगाई प्रचार सामग्री हटाने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान करीब 2000 से अधिक बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स हटाई गईं।
एसडीओ कमलुवागांजा विद्याभूषण जोशी, टीपीनगर एसडीओ शुभा जोशी, लालकुआं एसडीओ संजय प्रसाद के नेतृत्व में जेई व निगम कर्मचारियों ने अभियान चलाकर प्रचार सामग्री हटाई। गौलापार में भी अभियान चलाया गया। - बेगराज सिंह, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड ग्रामीण डिविजन
हटाने के बाद फिर लगा रहे हैं प्रचार सामग्री
यूपीसीएल से मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार सामग्री हटाने का सिलसिला आचार संहिता के बाद से ही शुरू हो गया था। टीमें प्रचार सामग्री हटा रही हैं और दूसरे दिन प्रत्याशी फिर से इन्हें लगा दे रहे हैं।
फोटो कैप्शन- हल्द्वानी में ग्रामीण क्षेत्र से बिजली के पोलों पर लगी प्रचार सामग्री हटाते ऊर्जा निगम के कर्मचारी।