हल्द्वानी। शहर में व्हाट्सएप के माध्यम से अवैध तमंचों की डीलिंग करने वाले युवक को पुलिस ने रेलवे बाजार स्थित होटल के कमरे से गिरफ्तार किया है। वहीं बनभूलपुरा पुलिस ने स्लाॅटर हाउस के पास गश्त के दौरान युवक को तमंचा समेत पकड़ा है।
एसओजी प्रभारी संजीत राठौड़ ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे बाजार स्थित होटल में एक युवक अवैध असलहों के साथ ठहरा है। इस पर एसओजी टीम ने छापा मारा और एक तमंचा, दो कारतूस, 9500 रुपये के साथ राहुल घनेला निवासी ग्राम दरमोली मुक्तेश्वर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2021 में हत्या के मामले में जेल जा चुका है। इसके बाद से वह अवैध असलहों की तस्करी करने लगा। पुलिस ने जब उसका मोबाइल चेक किया तो व्हाट्सएप में बड़ा खुलासा हुआ। वह तमंचों की फोटो भेजकर चैटिंग के जरिए असलहों के रेट आदि की जानकारी दे रहा था।
वहीं बनभूलपुरा थाने के एसआई मनोज यादव ने टीम के साथ स्लाॅटर हाउस क्षेत्र में मो. फरमान निवासी मलिक का बगीचा वार्ड 31 बनभूलपुरा को पकड़ा। उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। टीम में एसओजी के कांस्टेबल ललित श्रीवास्तव, संतोष बिष्ट, कांस्टेबल भूपेंद्र ज्येष्ठा और महबूब आलम शामिल रहे।