Weapon dealer caught in lalukan
- फोटो : amar ujala
एसटीएफ और कोतवाली पुलिस ने बुधवार को हथियारों के एक सौदागर को धर दबोचा। वह बरेली के रिछा से तमंचे खरीदकर उत्तराखंड में बेचता था। उसके पास चार तमंचे मिले हैं जिन्हें बेचने के लिए उसने हल्द्वानी के एक युवक को बुलाया था। वह एक तमंचे में साढ़े दस हजार का मुनाफा कमाता था। हालांकि पुलिस ने उसके किसी आतंकवादी संगठन से जुडे़ होने से इनकार किया है।
बुधवार दोपहर एसटीएफ कुमाऊं रेंज के प्रभारी केपी टम्टा और कोतवाल उमेद सिंह दानू की अगुवाई में टीम ने वीआईपी गेट के पास से एक युवक को धर दबोचा। उसके पास चार तमंचे बरामद हुए। पूछताछ में उसने नाम युनिस मलिक पुत्र अजीज अहमद निवासी ग्राम पंढेरी थाना सितारगंज जनपद ऊधमसिंह नगर बताया।
टीम उसे कोतवाली ले आई। उसने बताया कि वह लंबे समय से रिछा की शस्त्र फैक्ट्री से तमंचे लाकर उत्तराखंड के विभिन्न इलाकों में बेचता है। बुधवार को वह चार तमंचे साढ़े बारह हजार रुपये में खरीदकर लाया था। जिन्हें 56 हजार में हल्द्वानी के बनभूलपुरा निवासी अनीश को बेचा जाना था।
यहां उसी का इंतजार कर रहा था। पुलिस के मुताबिक युनिस शातिर है। वह कई बातें छिप रहा है। इस खेल में कई लोग शामिल हो सकते हैं। उसे पकड़ने वाली टीम में उप निरीक्षक चंद्रशेखर जोशी, देवेंद्र सिंह बिष्ट, तालिब हुसैन आदि शामिल थे।