बरेली रोड तीनपानी खटिक फार्म निवासी चौकीदार सतपाल शर्मा (65) की ईंट से कुचलकर निर्मम हत्या की गई है। चौकीदार का शव शनिवार सुबह बरेली रोड स्थित सुजुकी शोरूम के बाहर फर्श पर पड़ा मिला। चौकीदार का भेजा बाहर निकला हुआ था।
मूलरूप से बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिम निवासी चौकीदार सतपाल शर्मा दशकों से तीनपानी खटिक फार्म में परिवार के साथ रहता था। वह बरेली रोड स्थित सुजुकी शोरूम सहित तीन अन्य फर्मों की चौकीदारी करता था। रोजाना की तरह शुक्रवार शाम छह बजे भी चौकीदार को उसके बेटे सोनू शर्मा ने बाइक से शोरूम के सामने छोड़ा था। शनिवार सुबह छह बजे गुरुद्वारा जा रहे गुरमीत सिंह स्वीटी ने चौकीदार का क्षत-विक्षत शव देखा और पुलिस को सूचना दी। चौकीदार की ईंट से कुचलकर हत्या की गई है।
सीओ राजेंद्र सिंह ह्यांकी, एसएसआई एनबी भट्ट फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कातिलों ने चौकीदार के सिर, मुंह, हाथ और पैर पर कई वार किए थे। घटनास्थल पर काफी दूर तक खून फैला था। पुलिस की सूचना पर चौकीदार के चारों पुत्र टेंपो चालक राकेश, राजेश शर्मा, सोनू और मोनू शर्मा अपनी मां सुशीला के साथ घटना स्थल पहुंचे।
बेटों ने बताया कि पिता करीब डेढ़ साल से शोरूम की चौकीदारी कर रहे थे। उनकी किसी से रंजिश नहीं थी। शोरूम मालिक रेलवे बाजार निवासी जहीर अहमद ने पुलिस को बताया कि सतपाल को आइडियल कंपनी की ओर से ड्यूटी पर रखा गया था। वह वहीं तीन अन्य फर्मों की भी चौकीदारी करता था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ राजेंद्र सिंह ह्यांकी के मुताबिक छानबीन से पता चला कि शनिवार तड़के पौने चार बजे चौकीदार ठीक ठाक था। उसे गुरुद्वारा के ज्ञानी ने देखा था। आशंका है कि इसके बाद ही चौकीदार की हत्या की गई है। हत्या क्यों और किसने की, इसको लेकर पुलिस छानबीन में जुटी है। हालांकि पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली।