वन विभाग की टीम ने मंगलवार को छापामार कार्यवाही करते हुये कोसी नदी से हो रहे अवैध खनन में लिप्त 16 वाहनों को सीज कर दिया। छापेमारी की कार्रवाई होते ही कुछ वाहन चालक भागने लगे। विभाग द्वारा पीछा किए जाने पर वाहन चालक एक स्टॉक पर वाहन छोड कर भागने में सफल रहे।
विभाग ने वाहनों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इस दौरान टीम ने एक फिल्डर की बाइक भी सीज कर दी। विभाग द्वारा की गई कार्यवाही से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा रहा।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के एसडीओ बलवंत सिंह शाही ने बताया कि कोसी नदी से अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर डीएफओ कहकशां नसीम ने खनन के अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिये थे।
डीएफओ के निर्देश पर एसडीओ शाही के नेतृत्व में वन कर्मियों ने खनन माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाया। कोसी नदी में छापामार कार्यवाही करते हुए 16 वाहनों को सीज किया गया है। शाही ने बताया कि उक्त वाहन कोसी नदी से उपखनिज चोरी कर बन्नाखेड़ा के स्टॉक पर डाल रहे थे।
बताया कि अभियान के तहत टीम ने 9 वाहन गउघाट बन्नाखेड़ा, दो वाहन ज्वाला वन, एक वाहन गूलजारपुर और चार वाहन कठियापुल क्षेत्र से पकड़े। बताया कि स्टॉक स्वामी के खिलाफ कार्यवाही के लिए खान विभाग को लिखा जाएगा।
खनन माफियाओं के खिलाफ टीम का अभियान जारी रहेगा। इस मौके पर आरओ विजेंद्र अधिकारी सहित वन निगम, फ्लाइंग स्कवॉयड और बैलपड़ाव बन्नाखेड़ा पुलिस मौजूद थी।