सुशीला तिवारी अस्पताल की अंडर ग्राउंड रैंप पर शनिवार सुबह महिला सफाई कर्मी गिरकर घायल हो गयी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। घटना से नाराज सफाई कर्मियों ने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। अस्पताल प्रशासन ने उनको समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
लाइन नंबर 18 नयीबस्ती निवासी सलमा (50) सुशीला तिवारी अस्पताल में उपनल की तरफ से अस्थायी सफाई कर्मी थी। शनिवार सुबह महिला सफाई कर्मी बड़ी पालीथिन में कूड़ा भरकर बाहर फेंकने जा रही थी। ऊपर चढ़ते समय अंडर ग्राउंड रैंप पर उसका पैर फिसल गया। गिरने से महिला के सिर पर गंभीर चोट आ गयी।
महिला को लहूलुहान देखकर अन्य कर्मचारी उसे अस्पताल की इमरजेंसी में ले गए इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। घटना से क्षुब्ध सफाई कर्मियों ने सलमा के परिजनों को मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
अस्पताल के अधिकारियों ने कर्मचारियों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। महिला सफाई कर्मी का बेटा नासिर सिद्दीकी और एक पुत्री है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया।