मालधनचौड़ में डकैती और दो बेटियों के साथ दुष्कर्म का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बृहस्पतिवार सुबह विभिन्न संगठनों के लोगों ने जुलूस निकाला। पुलिस के अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंचने पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी लोगों में रोष देखने को मिला।
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के प्रभात ध्यानी और प्रगतिशील महिला एकता केंद्र की शीला शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण क्षेत्र के एक स्कूल में एकत्र हुए। यहां पुलिस की कार्यप्रणाली के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए जुलूस निकाला गया जो मालधनचौड़ पुलिस चौकी तक पहुंचा। वहां सभा में वक्ताओं ने कहा कि इतनी बड़ी घटना होने के छह दिन बाद भी अब तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुबूत नहीं लग सका है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। साथ ही पुलिस के खिलाफ लोगों में रोष भी बढ़ रहा है।
ग्रामीणों ने डीएम दीपक रावत और एसएसपी स्वीटी अग्रवाल के खिलाफ आक्रोश जताते हुए आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन मामले को पूरी तरह दबाने का प्रयास कर रहा है। जुलूस में ललिता रावत, लक्ष्मी बिष्ट, सरस्वती देवी, मुनीता, तुलसी रावत, पार्वती देवी, रेवती लटवाल, गंगा देवी, गुड़िया, अजीत साहनी, सुरेशलाल, ललित उप्रेती सहित आदि थे।
इधर, शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ता सांसद प्रतिनिधि बसंती आर्या के नेतृत्व में जुलूस निकालेंगे। वहीं पीड़ित परिवार के घर सांत्वना देने वालों का ताता लगा हुआ है। इधर, कोतवाल बीएस भाकुनी ने बताया कि कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
कॉलेज में चला हस्ताक्षर अभियान
मालधनचौड़ की बेटियों को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को महाविद्यालय में छात्रों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। बाद में हस्ताक्षर का ज्ञापन प्राचार्या डॉ. हेमा प्रसाद के मार्फत एसडीएम परितोष वर्मा के लिए भेजा गया। इस दौरान पछासं के चंदन, दीपाली, भावना, इंदर, दीप चंद्र, ममता, कविता आदि थे।