चौधरी भवन भोटिया पड़ाव के सामने एंबुलेंस खड़ा करने का विरोध करने पर सोमवार रात चालक और उसके साथियों ने उत्सव गार्डेन के मालिक को बुरी तरह पीट दिया। उसे गंभीर हालत में बृजलाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक एंबुलेंस चालक को हिरासत में लिया है।
उत्सव गार्डेन के मालिक आदित्य राज चौधरी के भवन के सामने सोमवार रात किसी ने काफी देर से एंबुलेंस खड़ी की थी। इस कारण आने-जाने में परेशानी हो रही थी। काफी देर बाद चालक आया तो चौधरी ने तत्काल एंबुलेंस हटाने को कहा। इसके बाद चालक उत्सव गार्डेन के मालिक से भिड़ गया।
चालक के समर्थकों ने घर में घुसकर चौधरी को बुरी तरह पीटकर लहूलुहान कर दिया। घायल आदित्य को परिजनों ने बृजलाल अस्पताल में भर्ती कराया। चौधरी की पत्नी कृतिका ने छह अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने 147, 323 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए एंबुलेंस चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि तफ्तीश के दौरान इस मामले में धारा 452 (घर में घुसकर मारने) की धारा बढ़ेगी।