रेलवे बाजार स्थित एक होटल में बृहस्पतिवार दोपहर परिजनों ने विवाहिता को उसके प्रेमी के साथ पकड़ लिया। गुस्साए परिजनों ने दोनों को बनभूलपुरा पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ से पता चला कि विवाहिता ने चार साल पहले लव मैरिज की थी। परिजनों ने बदनामी के चलते विवाहिता को घर से अलग करने का निर्णय लिया है।
दौलतपुर गौलापार निवासी एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी की पत्नी का पड़ोस के एक डीजे संचालक से संबंध थे। इस मामले में परिवार के लोगों ने कई बार कर्मचारी को बताया, लेकिन उसने परिजनों की बातों पर विश्वास नहीं किया। बृहस्पतिवार को विवाहिता घर से निकली तो उसकी ननद और जेठ के साथ एक पड़ोसी ने पीछा किया।
विवाहिता रेलवे बाजार आने पर एक होटल में दाखिल हुई। वहां विवाहिता का प्रेमी पहले से मौजूद था। आईडी के साथ पैसा जमा करने पर होटल प्रबंधक ने दोनों के लिए एक कमरा बुक किया। इसके बाद ननद के साथ जेठ सहित तीनों होटल में घुस गए। तीनों ने विवाहिता को उसके प्रेमी के साथ पकड़ लिया।
बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने दोनों को पकड़ लिया। घटना की सूचना पर विवाहिता का पति भी थाने आया। परिजनों ने विवाहिता के भाई को बुलाने का प्रयास किया, लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया। थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी का कहना है कि दोनों बालिग हैं। यदि पति इस मामले में तहरीर देगा तो कार्रवाई की जाएगी।