करवाचौथ के दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं लेकिन इसी दिन सड़क हादसे ने शिक्षक विजय की जान ले ली।
लोगों का कहना था कि पति की मौत से पत्नी अंजू की दुनिया ही उजड़ गई। घर में बच्चे की किलकारियां गूंजने से पहले मातम पसर गया। हादसे की सूचना मिलने पर वेणीखत्ता स्थित घर पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी।
पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि बैंक प्रबंधक अंजू गर्भवती हैं। पति और पत्नी ने मिलकर सपना देखा होगा कि उनके भी आंगन में बच्चे की किलकारियां गूंजेगी।
उनका भरा पूरा घर होगा लेकिन काल ने ऐसा क्रूर खेल खेला कि अंजू का घर बसने से पहले उजड़ गया। सपने तार तार हो गए। घर में बच्चे की किलकारियां गूंजने से पहले मातम पसर गया।
रिटायर्ड पिता ने सोचा होगा कि बड़ा बेटा उम्र के आखिरी पड़ाव में सहारा बनेगा लेकिन काल को कौन जानता है। पिता को ही बेटे के शव को कंधा देना पड़ा।
पिता को कंधा देते हुए देखकर परिवार ही नहीं, पड़ोसियों की आंखें डबडबा गई। लोगों के बीच एक ही चर्चा थी कि विजय काफी होनहार लड़का था लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था।
हादसे से परिवार का रोते रोते बुरा हाल हो गया था। परिजनों ने अस्पताल में घायल पड़े छोटे भाई को शाम तक नहीं बताया था कि उसके बड़े भाई अब इस दुनिया में नहीं हैं। शव का रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर गमगीन माहौल में परिजनों ने अंतिम संस्कार किया।