शीशमहल में शनिवार शाम छात्रों के दो गुटों में कार और बाइक की टक्कर के विवाद को लेकर मारपीट हो गई। काठगोदाम पहुंचने पर दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर पथराव किया। पुलिस के आने की भनक मिलते ही दोनों गुट बाइक छोड़कर मौके से भाग निकले। पुलिस ने दो बाइक बरामद की, इनमें एक बाइक नहर में गिरी हुई पाई गई।
शीशमहल में छात्रों की कार मोड़ते समय बाइक से टकरा गई। इसके बाद काठगोदाम के दो छात्र कार सवारों से भिड़ गए। मारपीट के बाद बाइक सवार चले गए। काठगोदाम पहुंचने पर कार सवारों ने काठगोदाम में बाइक सवारों पर पथराव कर दिया। घटना के चलते सड़क किनारे के दुकानदार भी सहम गए।
सूचना पर उपनिरीक्षक प्रमोद पाठक फोर्स के साथ घटनास्थल की तरफ बढ़े। पुलिस को देखते ही पथराव कर रहे लोग बाइक छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने मौके से एक सड़क और एक नहर में पड़ी बाइक बरामद की। पुलिस पूछताछ से पता चला कि पथराव में काठगोदाम का विक्की जोशी, रामपुर रोड के करन अरोरा और चौहान के नाम सामने आए हैं। पुलिस इसी आधार पर बवाल करने वालों की तलाश कर रही है। पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने के लिए भी कोई नहीं आया था।
मोबाइल के विवाद में इंटर के छात्र को पीटा
रामपुर जिले के बिलासपुर निवासी रवि अनेरिया के पुत्र शेखर (18) को एमबी पीजी कालेज के पास रेस्टोरेंट के सामने खड़े एक छात्र गुट ने बुरी तरह पीट दिया। साथियों ने उसका बेस अस्पताल में इलाज कराया। पुलिस पूछताछ से पता चला कि शेखर का गोरापड़ाव के कुछ युवकों से मोबाइल को लेकर विवाद हो गया था। इसी वजह से उन्होंने हमला किया। शेखर पीजी कालेज के पास रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रहा है। छात्र ने भोटिया पड़ाव चौकी में तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।