लूट की घटना के बाद चेकिंग के दौरान बनभूलपुरा पुलिस ने सोमवार रात तीन युुवकों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवकों की पिटाई का आरोप लगाते हुए क्षेत्रीय लोगों ने रोडवेज के सामने चक्का जाम कर दिया।
सपा नेता शोएब सिद्दीकी सहित तीन लोगों ने पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आत्मदाह का प्रयास किया। थाने से पकड़े गए युुवकों को अस्पताल में भर्ती कराए जाने पर लोगों ने यहां भी जमकर हंगामा किया। बाद में थानाध्यक्ष बनभूलपुरा के निलंबन के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
सोमवार रात कार लूट की घटना के बाद चेकिंग के दौरान बनभूलपुरा पुलिस ने गौला पुल पर बैठे सारिक हुसैन, आरिश और फैसल को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिस तीनों से काठगोदाम थाने में पूछताछ कर रही थी।
इस बीच, बनभूलपुरा संघर्ष समिति के संयोजक उवैस राजा ने आरोप लगाया कि उसके साथियों को पुलिस पीट रही है। यह खबर बनभूलपुरा में फैलते ही लोगों की भीड़ रोडवेज के सामने हाईवे पर उतर गई।
सपा के प्रदेश महासचिव शोएब सिद्दीकी सहित तीन लोगों ने जाम के बीच आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस बीच, पुलिस ने तीन युवकों को थाने से छोड़ दिया। उवैस ने तीनों को बेस अस्पताल में भर्ती कराया।
समर्थकों ने तीनों की स्थिति गंभीर बताते हुए उसे सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए स्थानांतरित कराया। अंत में सीओ राजेंद्र सिंह ह्यांकी ने सपा नेता शोएब सिद्दीकी को कोतवाली में बातचीत के लिए बुलाया।
कोतवाली थाने में सपा नेता शोएब अहमद सिद्दीकी के समक्ष सीओ ने बनभूलपुरा थानाध्यक्ष को निलंबित करने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही लोग शांत हुए।