फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टिकट न मिलने पर नीरज ने की आत्मदाह की कोशिश

Wed, 21 Sep 2016 01:45 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो हल्द्वानी
विज्ञापन
आत्मदाह की कोशिश - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में एमबी कालेज छात्रसंघ अध्यक्ष पद का टिकट तय करने को लेकर मचा घमासान मंगलवार को सड़क पर आ गया। टिकट न मिलने से क्षुब्ध नीरज मेहरा ने विद्यार्थी परिषद कार्यालय पर दोपहर में अपने ऊपर केरोसिन मिक्स पेट्रोल छिड़क कर आत्मदाह करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे बचा लिया।
विज्ञापन


नीरज के समर्थकों ने विद्यार्थी परिषद कार्यालय पर पथराव करने के साथ ही जमकर तोड़फोड़ की। कार्यालय परिसर में खड़े दोपहिया वाहनों को भी उन्होंने क्षतिग्रस्त कर दिया। हंगामे के चलते क्षेत्र में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।

पुलिस ने लाठियां भांजकर छात्रों को खदेड़ा। इसके अलावा नीरज मेहरा सहित पांच छात्रों को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया। इधर, पुलिस ने विद्यार्थी परिषद के कार्यालय मंत्री की तहरीर पर दस नामजद सहित 25 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
विज्ञापन


एबीवीपी से एमबीपीजी कालेज के छात्रसंघ अध्यक्ष पद के टिकट के लिए विजय जोशी और नीरज मेहरा दावेदार थे। दोनों की मजबूत पैरवी के कारण एबीवीपी के प्रदेश पदाधिकारी आसानी से टिकट तय नहीं कर पाये। कई दिनों तक चली माथापच्ची के बाद एबीवीपी ने छात्रसंघ अध्यक्ष प्रत्याशी की घोषणा सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत श्रीवास्तव की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर की।

नीरज को उम्मीद थी कि छात्रसंघ अध्यक्ष का टिकट उसे ही मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। विजय जोशी को एबीवीपी से अध्यक्ष का टिकट मिलने पर नीरज ने सोमवार देर रात ही मंगलवार को  एबीवीपी कार्यालय पर आत्मदाह की चेतावनी दी थी। उसने आरोप लगाया था कि टिकट वितरण में उसके साथ धोखा हुआ है।

नीरज की आत्मदाह की धमकी के चलते सुबह से ही जगदंबा नगर स्थित एबीवीपी कार्यालय पर पुलिस फोर्स तैनात थी। दोपहर में नीरज अपने समर्थकों के साथ एबीवीपी कार्यालय पहुंचा और हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच नीरज ने पुलिस को गच्चा देकर केरोसिन मिक्स पेट्रोल अपने ऊपर उड़ेल लिया।

उसके आग लगाने से पहले हीपुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इसी बीच नीरज समर्थकों ने एबीवीपी कार्यालय में घुसकर प्लास्टिक की कुर्सियां और मेज आदि तोड़ दिए। एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता भी की। नीरज के समर्थकों ने कार्यालय पर पथराव भी किया। पुलिस ने नीरज समर्थकों को लाठी भांजकर खदेड़ा।

पुलिस ने नीरज मेहरा, विकास सिजवाली, आकाश पांडे, कुलदीप, कमल शर्मा को शांतिभंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया। बाद में पुलिस ने इन्हें सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह के समक्ष पेश किया जहां से उन्हें रिहा कर दिया गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें