शहर के माडल टाऊन में एक घर में महिला को बेहोश कर एक युवक नगदी, गहने और स्कूटी लेकर फरार हो गया। जबकि घर की मालकिन को बेहोशी की हालत में शहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घर की मालकिन सुखजीत कौर और उसकी लड़की गगनप्रीत कौर ने बताया कि एक अनजान व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उनकी इटली में रहने वाली बहन ने उनके लिए 20 हजार की रकम भेजी है।
वह यह रकम देने के लिए उनके घर आना चाहता है। अपनी पहचान के लिए उस युवक ने अपनी तस्वीर भी उनके फोन पर भेज दी। सुखजीत कौर ने बताया कि मंगलवार सुबह युवक ने फोन कर बताया कि वह पैसे देने के लिए कुराली आया है, लेकिन उसके पास घर का पता नहीं है। महिला ने बताया कि उन्होंने अपने लड़के को उसे घर लाने के लिए भेज दिया। महिला ने बताया कि घर पहुंच कर काफी देर तक वह उनसे बातें करता रहा।
इसी दौरान युवक ने कहा कि उसे भूख लगी है। सुखजीत कौर ने बताया कि वह युवक के लिए रोटी बनाने लगी और वह उनसे बातें करता रहा। रोटी खाने के समय युवक ने उन्हें भी साथ खाने को कहा। महिला ने बताया कि इसी दौरान उस युवक ने खाने में नशीली चीज मिला दी। उन्होंने कहा कि रोटी खाने के बाद वह बेसुध हो गईं।
इसी दौरान युवक घर से 10 हजार की नगदी, एक मोबाइल फोन, सोने की बाली और स्कूटी लेकर फरार हो गया। इसी दौरान उनकी लड़की कॉलेज से आ गई तो उसने बेसुध मां को अस्पताल पहुंचाया। थाने के एसएचओ अमरबीर सिंह ने कहा कि इस संबंधी शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।