सुशीला तिवारी मेडिकल कालेज के छात्र सोमवार दोपहर मामूली विवाद को लेकर आपस में भिड़ गए। मेडिकल कालेज चौकी पुलिस को देखते छात्रों का गुट तितर-बितर हो गया।
मेडिकल कालेज में सोमवार दोपहर को किसी बात को लेकर जूनियर छात्रों ने सीनियर छात्रों की तरफ एक बोतल फेंक दी। इसी बात को लेकर हास्टल में रहने वाले मेडिकल कालेज के छात्रों के दो गुट आमने-सामने हो गए। गर्मागर्म बहस के बाद दोनों गुटों में हाथापाई शुरू हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मेडिकल चौकी प्रभारी जीएस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही छात्र शांत होकर तितर-बितर हो गए।
पुलिस ने मामले में वार्डेन को मसला हल करने का अनुरोध किया। इस मामले में पुलिस के समक्ष किसी गुट ने तहरीर नहीं दी है। इधर, कालेज के प्राचार्य डॉ. आरसी पुरोहित ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों गुटों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कालेज में इस प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।