मल्लीताल क्षेत्र में बाईपास रोड के पास स्थित खाली पड़े एक खेत में गुरुवार सुबह तेंदुए की खाल बरामद होने से वन महकमे में खलबली मच गई। जिस वक्त लोगों की नजर तेंदुए की खाल पर पड़ी उस समय उसे कुत्ते नोंच रहे थे। बाद में वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर खाल को कब्जे में लिया।
गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बाईपास रोड से सटे खाली पड़े खेत में आसपास के लोगों ने कुत्तों को तेंदुए की खाल नोंचते देखा। उन्होेंने मौके पर पहुंचकर कुत्तों को भगाया और मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी। इस पर महकमे के सेक्शन अधिकारी तारा दत्त पांडे और वन रक्षक प्रेम सिंह मेहरा ने मौके पर पहुंचकर खाल को कब्जे में लिया।
विभागीय कर्मचारियों ने आसपास के लोगों से खाल के बारे में पूछताछ की, लेकिन कोई कुछ नहीं बता पाया। बाद में वह खाल लेकर भवाली स्थित कार्यालय रवाना हो गए, जहां से उसे जांच के लिए नैनीताल स्थित चिड़ियाघर भेज दिया गया है।
भीमताल में बाईपास रोड के पास तेंदुए की खाल बरामद हुई है। लोगों ने बताया कि खाल को कुत्ते वहां लेकर आए थे। खाल लगभग एक-डेढ़ माह पुरानी लगती है। खाल वहां कहां से आई इस बाबत विभागीय स्तर पर जांच कराई जाएगी। जांच के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकेगा।
- प्रकाश जोशी, वन क्षेत्राधिकारी भवाली रेंज।