आयकर विभाग की टीम ने लालडांठ रोड और जगदंबा नगर स्थित दो निर्माणाधीन अस्पतालों में छापा मारा। विभाग की दोपहर से शुरू हुई कार्रवाई रात तक जारी रही। कार्रवाई से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक अभिलेखों का परीक्षण किया जा रहा है।
निर्माणाधीन अस्पतालों में जांच के लिए आयकर विभाग ने दो टीमों का गठन किया था। इसमें एक टीम लालडांठ रोड पर बन रहे डा. प्रदीप पांडे के मैट्रिक्स हास्पिटल पहुंची तो दूसरी टीम जगदंबा नगर में स्थित डा. यतींद्र बहुगुणा के बताये जा रहे निर्माणाधीन भवन पर पहुंची।
आयकर विभाग की टीम निर्माण से जुड़े अभिलेख, खर्च आदि का ब्यौरा मांगने के साथ अभिलेखों का परीक्षण कर रही है। पूर्व में भी आयकर विभाग की टीम ने एक कोचिंग संस्थान में छापे की कार्रवाई की थी।
संयुक्त आयकर आयुक्त गगन सूद का कहना है कि अभी अभिलेख देखे जा रहे हैं, निर्माण, क्लीनिक आदि सभी पहलू शामिल हैं। इसके बाद ही कोई बात कही जा सकती है। आयकर आयुक्त रणविजय सिंह का कहना है कि कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।