40 घरों में से सात में विद्युत कनेक्शन शेष में कटिया। बात हो रही है गोपालनगर ढेला कालोनी मालधनचौड़ की। जहां सात घरों में विद्युत कनेक्शन हैं तो शेष घरों में बिजली की चोरी हो रही है।
ग्रामीण कल्लू सिंह ने बताया ऊर्जा निगम के लाइनमैन की मिलीभगत के कारण क्षेत्र में लगातार बिजली चोरी हो रही है। उन्होंने बताया कि गांव में 40 घरों में से केवल सात में कनेक्शन हैं।
जबकि शेष 33 घरों में बिजली चोरी हो रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ऊर्जा निगम के कुछ लाइनमैन अवैध कनेक्शन देकर मोटी रकम भी वसूलते हैं।
उन्होंने विभाग से शीघ्र गांव का निरीक्षण कर अवैध रूप से बिजली चोरी करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ऊर्जा निगम जसपुर के एसडीओ डीसी सत्यवली ने बताया कि बिजली चोरी का मामला उनके संज्ञान में नहीं है। गांव का निरीक्षण कर शीघ्र इसकी जांच कराई जाएगी। साथ ही, बिजली चोरी करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।