परिवार से नाराज होकर हरिद्वार गई किशोरी को स्माइल टीम ने शुक्रवार की रात रोडवेज से बरामद कर लिया। चाइल्ड लाइन के सदस्यों ने काउंसिलिंग करने के बाद किशोरी के पिता को बुलाया। स्माइल टीम ने शनिवार को किशोरी को पिता के हवाले कर दिया।
गंगोलीहाट क्षेत्र की रहने वाली किशोरी परिवार से नाराज होकर एक जुलाई की सुबह घर से निकल गई। वह बस में सवार होकर सीधे हरिद्वार चली गई। हर की पैड़ी में स्नान करने के बाद किशोरी हल्द्वानी रोडवेज आई। इस बीच उसका पैसा भी समाप्त हो गया था।
किशोरी को रोडवेज परिसर में घूमते देखकर स्माइल टीम के प्रभारी विनोद जोशी ने उससे पूछताछ की। इसके बाद चाइल्ड लाइन के सदस्यों को काउंसिलिंग के लिए बुलाया। चाइल्ड लाइन की महिला ने उसकी नाराजगी का कारण जानने के बाद काफी समझाया।
किशोरी का कहना था कि परिवार के लोग उसे बात बात पर डांटते हैं। इसी वजह से वह काफी चिढ़ गई थी। किशोरी ने घर से भागने की अपनी गलती स्वीकार की। इस बीच पुुलिस ने उसके पिता को घर से बुलाया। कोतवाली पुलिस ने शाम को पिता के आने के बाद बेटी को उनके हवाले कर दिया।