कालाढूंगी के फॉरेस्टर को बाइक सवार दो युवकों ने टेड़ा के जंगल में लूट लिया। पीड़ित फॉरेस्टर से इस मामले में कोतवाली में अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ तहरीर सौंपी है।
ग्राम बहराकोट पाटकोट निवासी शंभू दयाल कालाढूंगी में फॉरेस्टर के पद पर तैनात हैं। मंगलवार की सुबह वह रामनगर बैंक ऑफ बड़ौदा से 20 हजार रुपये निकाल कर घर जा रहे थे।
इसी दौरान ग्राम टेड़ा के जंगल में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गयी। विपरीत दिशा पाटकोट की ओर से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें उठाया और मदद करने के एवज में पैसे की मांग करने लगे।
फॉरेस्टर ने 20 हजार रुपये की गड्डी से 500 रुपये निकलकर जैसे ही युवकों को दिये तो उनकी नीयत खराब हो गयी। युवक 20 हजार रुपये की गड्डी छीनकर फरार हो गये।
मामले में फॉरेस्टर शंभूदत्त ने कोतवाली में तहरीर सौंपी है। एसआई कश्मीर सिंह ने बताया मामले की जांच की जा रही है।