बनभूलपुरा पुलिस ने दुकानदार की हत्या में बृहस्पतिवार को पिता के साथ पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। बता दें कि लाइन नंबर 18 निवासी परचून के दुकानदार शमीम खान (52) से बुधवार रात पड़ोसी पुत्तन की बेटी ने 15 रुपये का तेल खरीदा।
सानिया द्वारा 50 रुपये का नोट देने पर दुकानदार ने उसे 35 रुपये वापस कर दिए। घर पहुंचने पर सानिया ने अपनी मां चंदा को बताया कि दुकानदार ने पैसे वापस नहीं किए हैं। इसी बात को लेकर दुकानदार और पुत्तन के परिवार के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि पुत्तन सहित चार-पांच लोगों ने दुकान में घुसकर दुकानदार की पिटाई की।
बीच-बचाव में दुकानदार का बेटा फिरोज भी घायल हो गया। बेहोश शमीम खान को बेस अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। इस मामले में दुकानदार के पुत्र फिरोज ने तहरीर दी।
पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पुत्तन और उसके बेटे आदिल को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट से स्पष्ट हो जाएगा कि दुकानदार की किन कारणों से मौत हुई है।