दाबका के पास डंपर पलटने से उसमें सवार एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 बच्चे और मजदूर घायल हो गए। आनन-फानन में सभी घायलों को अन्य डंपर से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे का कारण ओवरटेक करना बताया जा रहा है।
मंगलवार दोपहर करीब दो बजे दाबका में चुगान कार्य करने के बाद 10 बच्चों समेत कुल 19 मजदूर डंपर यूपी 80 एएन 9674 में सवार होकर अपने झालों में आ रहे थे। रास्ते में धर्मकांटे के पास डंपर चालक धनीराम निवासी टेड़ा रोड़ रामनगर ने आगे चल रहे डंपर को ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक वर्ष की बच्ची वर्षा पुत्री कन्हैया निवासी जलौसा अलीगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके अलावा डंपर चालक धनीराम, महेंद्र सिंह (40), नीलम (6), राहुल (3), कलावती (13), पन्नालाल (50), वीर सिंह (30), नन्दू (20), काली (11), केवल (4) निवासी ग्राम लहरा थाना दाड़ो अलीगढ़ एवं हरपाल (25), गौरीशंकर (30), टीकम (25), कालो (11), कन्हैया (31), मनीष (2), राजवती (24), चंचल (4) निवासी ग्राम जलौसा अलीगढ़ घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने आननफानन में दूसरे डंपर में घायलों को भरकर अस्पताल पहुंचाया।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही सीओ मिथिलेश कुमार, एसआई प्रताप नेगी, आरसी डौंढियाल और बीसी मासीवाल भी अस्पताल पहुंच गए। सीओ मिथिलेश कुमार ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। डाक्टरों के मुताबिक सभी घायल खतरे से बाहर हैं।