बदमाशों को किसी का भी खौफ नहीं रहा। मंगलवार रात गोरापड़ाव में ट्रक के केबिन में सो रहे चालक-परिचालक को चाकू दिखाकर बदमाशों ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। चालक और परिचालक के पास से 11 हजार रुपए और दोनों के मोबाइल लूटने के बाद बदमाश दोनों को जंगल में एक पेड़ से बांधकर ट्रक लेकर फरार हो गए। किसी तरह दोनों ने पुलिस को सूचना दी। बदमाशों की तलाश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली।
पीलीभीत जिले के सायर पिलकपुर निवासी चालक अनिल मिश्रा (35) खटीमा के रामचंद्र का ट्रक यूपी 25-9762 चलाता है। मंगलवार रात वह परिचालक विनीत अवस्थी के साथ गोरापड़ाव में सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर सो गया। आधी रात को चार बदमाशों ने दोनों को जगाया और चाकू दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। दोनों की पिटाई करने के बाद बदमाशों ने ट्रक कब्जे में ले लिया।
दोनों के पास रखे भाड़े के 11 हजार रुपए और मोबाइल बदमाशों ने लूट लिए। लालकुआं से आगे जंगल में पहुंचने पर बदमाशों ने दोनों को एक पेड़ से बांध दिया और ट्रक लेकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह रस्सी खोलने के बाद सुबह के समय दोनों हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे और पुलिस को आपबीती बताई।
पुलिस ने ट्रक मालिक रामचंद्र की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। ट्रक मालिक का कहना था कि चालक-परिचालक पीलीभीत के निवासी है, लेकिन वर्तमान समय में दोनों शिव कालोनी खटीमा में रहते हैं। ट्रक मालिक ने बताया कि उनको पुलिस से ही घटना के बाबत सूचना मिली है।