राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अमिता लोहनी की पहल पर मुखानी पुलिस ने घटना के नवें दिन दरिंदगी के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अमिता लोहनी तीसरे बार दरिंदगी की शिकार महिला का हाल चाल लेने के लिए एसटीएच के महिला वार्ड में पहुंची। बातचीत के दौरान पीड़िता अपना दुखड़ा सुनाते हुए रो पड़ी। उसने आरोप लगाया कि दर्द होने पर डाक्टर एक सुई लगाकर छोड़ देते हैं।
पीड़िता का कहना था कि उसका पति सुबह से गायब है। शाम तक वह लौटकर अस्पताल नहीं आया था। पीड़िता की स्वीकारोक्ति के बाद महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने मुखानी पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 376 के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
थानाध्यक्ष के आर पांडेय का कहना है कि तहरीर के अनुसार महिला 25 दिसंबर को शौच करने के लिए जा रही थी। इसी समय अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ बलात्कार करने की कोशिश की और विफल होने पर रेक्टम में बेलन डाल दिया।
बेहोश होने के कारण महिला दरिंदे को पहचान नहीं सकी। एसटीएच के डाक्टरों ने आपरेशन कर पेट से बेलन निकाला। आयोग की उपाध्यक्ष ने बताया महिला को इंफेक्शन हो गया है। आयोग की उपाध्यक्ष का कहना है कि इस मामले में वह बुधवार को एसएसपी से वार्ता करेंगी।
एनजीओ भी हुए सक्रिय
आल इंडिया वीमन कांफ्रेंस की अध्यक्ष छाया सक्सेना अपने संगठन के साथ एचटीएच गई थी। उनका कहना था कि पीड़िता रिपोर्ट दर्ज कराना नहीं चाहती है। वह इलाज के बाद नेपाल जाना चाहती है। इधर शाम को राज्य महिला आयोग की पहल पर मुखानी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
पता चला है कि एक अन्य एनजीओ कोतवाली पुलिस में मुकदमा दर्ज कराने के लिए गया था । लेकिन कोतवाली पुलिस ने मुखानी थाने जाने का सुझाव दिया। इसके बाद एनजीओ के पदाधिकारी मुखानी थाने नहीं गए।