श्याम विहार फेस-2 स्थित एक निजी कंपनी के सेल्स मैनेजर के घर का ताला तोड़कर मंगलवार रात चोर नकदी सहित लाखों रुपये के जेवरात ले गए।
बताया जा रहा है कि चोरों ने फ्रिज से खाना खाया और पानी भी पिया। सूचना मिलते ही मुखानी पुलिस ने मौके का मुआयना कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
श्याम विहार फेस-2 निवासी बैंक मैनेजर आशुतोष लोहनी के खाली मकान में रिलायंस फोर जी के सेल्स मैनेजर (कुमाऊं) राहुल बख्शी परिवार के साथ रहते हैं।
शुक्रवार को वे कंपनी की बैठक में हिस्सा लेने के लिए परिवार समेत देहरादून गए थे। शनिवार को बैठक होनी थी, लेकिन वह स्थगित हो गई। इस कारण राहुल देहरादून ही रुक गए।
बुधवार सुबह पड़ोसी ने मुख्य गेट का ताला टूटा देखा और सेल्स मैनेजर को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद मुखानी पुलिस मौके पर पहुंची।
चोरों ने दो कमरों की अलमारी और बेड के अलावा मकान में बने मंदिर को भी खंगाला था। चोर 80 हजार कीमत के दो कैमरे, दो मोबाइल, सोने के दो कड़े, लाकेट, चांदी के पायल, चांदी के 15 सिक्के और छह घड़ियों के अलावा 45 हजार रुपये चुरा लिए। जाते समय चोरों ने फ्रिज खोलकर खाया और पानी पिया।
श्याम विहार कॉलोनी के लोगों ने बताया कि पिछले सप्ताह भी इस कॉलोनी में चोर आए थे, लेकिन एक मकान मालिक द्वारा लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग करने पर चोर भाग गए। तब लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी थी। माना जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह से चोर कॉलोनी के घरों में नजर रखे हुए थे।