मंगलवार रात रामपुर रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया है। रात करीब नौ बजे रामपुर रोड खड़िया फैक्ट्री के पास हादसा हुआ।
टक्कर लगते ही वृद्ध बीच सड़क पर गिर गया। आसपास के लोगों ने सूचना 108 और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही टीपीनगर चौकी इंचार्ज सुशील जोशी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस मृतक की शिनाख्त और उसे टक्कर मारने वाली गाड़ी का पता लगाने में जुट गई है।
कितने असंवेदनशील हो गए लोग
वृद्ध का शव बीच सड़क पर पड़ा था। एक युवक सड़क पर खड़ा होकर दोनों तरफ से आनेजाने वाले वाहनों को इशारा कर शव से दूर कर रहा था, मगर वाहन चालक इतनी तेजी में आ रहे थे कि कई बार युवक ही चपेट में आने से बचा। यहां तक की करीब 30 मिनट तक वह सड़क पर खड़ा रहा मगर किसी भी वाहन चालक ने वहां गाड़ी रोककर ये जानने का प्रयास नहीं किया आखिर सड़क पर पड़ा व्यक्ति कौन है। कहीं उसे मदद की जरूरत तो नहीं।