पौने सात लाख का बकाएदार तारिक आरसी कटने पर शनिवार को दोपहर तहसीलदार को धमकाने लगा। तहसीलदार उसे पकड़कर तहसील में ले आए, लेकिन हवालात की चाभी नहीं मिलने के कारण दो दिन का समय देने के बाद उसे छोड़ दिया गया। केबिल संचालक ने अपने बर्ताव के लिए तहसीलदार से माफी भी मांगी है।
तहसीलदार मोहन सिंह बिष्ट के मुताबिक सावित्री काम्प्लेक्स के केबिल संचालक तारिक अनवर के खिलाफ दो आरसी कटी थीं। उसके ऊपर मनोरंजन कर का छह लाख 74 हजार रुपए बकाया है। इस मामले में मोबाइल से बात करने पर वह हड़काने लगा। कुछ देर तक सुनने के बाद तहसीलदार उसे पकड़कर तहसील में आए तो लोगों की भीड़ जुट गई। तहसीलदार उसे हवालात में डालना चाहते थे लेकिन चाभी नहीं मिल सकी।
अपने व्यवहार के लिए तारिक ने तहसीलदार से कार्यालय में माफी मांगी और पैसा जमा करने के लिए दो दिन का समय देने का अनुरोध किया। तहसीलदार ने उसे दो दिन का समय देकर छोड़ दिया। इसी प्रकार 15 हजार 746 रुपए बकाया होने पर राजस्व कर्मियों ने हीरागढ़ के भूपाल चंद को पकड़ लिया। भूपाल ने बैंक से कर्ज लिया था। समय से पैसा नहीं देने पर उसकी आरसी कट गई थी।