राजवीर की हत्या कर उसका शव हिम्मतपुर तल्ला स्थित नहर में फेंका गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि सिर पर वजनी वस्तु से प्रहार कर हत्या करने के बाद उसे घसीटा गया था। इसी कारण उसके हाथ में भी खरोंच आई थी। मुखानी पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर कातिलों की तलाश शुरू कर दी है।
10 फरवरी को हिम्मतपुर तल्ला प्राइमरी स्कूल के सामने नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिला था। उसके शरीर पर खरोंच के निशान थे और नाक से झाग निकला था। युवक के भाई शाहजहांपुर (यूपी) निवासी श्यामवीर ने शव की शिनाख्त राजवीर के रूप में की थी। आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने राजवीर को मारने के बाद उसे नहर में फेंका था, क्योंकि गांव में हुए एक मर्डर में राजवीर गवाह भी था।
रविवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि राजवीर के सिर पर वजनी वस्तु के प्रहार से मौत हुई थी। भाई ने पुलिस को तहरीर देकर राजवीर के करीबियों पर हत्या का शक जताया था, जो घटना के बाद से घर से फरार हैं। तब से राजवीर का भाई कोतवाली के चक्कर भी लगा रहा था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों की तलाश के लिए शाहजहांपुर गई है। थानाध्यक्ष संजय पांडेय ने बताया कि कातिलों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।